मुजफ्फरनगर में फैक्टरी मालिक बनकर 75 लाख रुपये का स्क्रैप और स्पंज आयरन लेने के आरोप में पूर्व विधायक शाहनवाज राना और उनके दो बेटों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज हुई है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
मुजफ्फरनगर में 75 लाख रुपये के स्क्रैप और स्पंज आयरन की सप्लाई लेकर भुगतान नहीं करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पूर्व विधायक शाहनवाज राना और उनके दो बेटों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि पूर्व विधायक ने खुद को फैक्टरी मालिक बताकर लोहे के स्क्रैप और स्पंज आयरन के कारोबारी जितेंद्र चौधरी से माल की सप्लाई कराई थी। 20 दिन में भुगतान करने का भरोसा दिया गया, लेकिन रकम नहीं चुकाई गई। शिकायतकर्ता की याचिका पर कोर्ट के आदेश के बाद नई मंडी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन
विवाह समारोह में हुई थी पूर्व विधायक से मुलाकात
नई मंडी थाना क्षेत्र की भारतीय कॉलोनी निवासी जितेंद्र चौधरी लोहे के स्क्रैप और स्पंज आयरन का कारोबार करते हैं। एफआईआर के अनुसार, सितंबर 2024 में हरिद्वार में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान उनकी मुलाकात पूर्व विधायक शाहनवाज राना से हुई थी।
आरोप है कि इस दौरान शाहनवाज राना ने खुद को फैक्टरी का मालिक बताया और अपनी फैक्टरी से संबंधित दस्तावेज भी दिखाए। मुलाकात के समय उनके बेटे अब्दुल राणा और आजम राणा भी मौजूद थे। तीनों ने जितेंद्र चौधरी से फैक्टरी के लिए स्क्रैप और स्पंज आयरन की सप्लाई करने को कहा। इसके बदले 20 दिन के भीतर भुगतान करने का भरोसा दिया गया।
दो बार में 75 लाख रुपये का माल लिया
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों के भरोसे पर उन्होंने सितंबर 2024 में 40 लाख रुपये का स्क्रैप और स्पंज आयरन सप्लाई किया। इसके बाद नवंबर 2024 में 35 लाख रुपये का माल और दिया गया। इस तरह दोनों बार में कुल 75 लाख रुपये का माल आरोपियों तक पहुंचाया गया।
आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। जितेंद्र चौधरी ने जब अपनी रकम मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
कूटरचित दस्तावेजों से फैक्टरी मालिक बनने का आरोप
एफआईआर में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि बाद में उन्हें पता चला कि शाहनवाज राना संबंधित फैक्टरी के मालिक नहीं थे। आरोप है कि उन्होंने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर खुद को फैक्टरी मालिक बताकर भरोसा दिलाया और इसी आधार पर माल की सप्लाई कराई।
शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले में कार्रवाई के लिए अदालत का रुख किया। कोर्ट के आदेश के बाद नई मंडी कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक शाहनवाज राना, अब्दुल अहद राना और आजम शाह राना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा, जांच शुरू
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक हरिओम सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, फैक्टरी से जुड़े दस्तावेजों और स्क्रैप व स्पंज आयरन की सप्लाई से संबंधित तथ्यों की जांच करेगी। फिलहाल प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।