कांधला। मैनपुरी जेल से फरार कुख्यात मुंशाद की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण व्यापारियों में दहशत व्याप्त है। मुकीम गैग का शूटर मुंशाद पूर्व में कई व्यापारियों से रंगदारी मांग चुका है। पुलिस के मुताबिक मुंशाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई क्षेत्रों में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। जल्द ही उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
13 मार्च को कुख्यात मुकीम गैंग का शूटर मुंशाद मैनपुरी जेल से फरार हो गया था। इसके जेल से फरार होने के बाद से पुलिस दिन रात उसकी तलाश में दबिश दे रही है। मुंशाद स्थानीय थाने के तहत आने वाले गांव खंद्रावली का निवासी है. जिसे लेकर स्थानीय पुलिस भी चौकस है।
मैनपुरी एसटीएफ भी क्षेत्र के कुख्यात की तलाश मे डेरा जमाए हुए है। पुलिस की चौकसी व लगातार दबिश के बाद भी मुंशाद अभी पुलिस के हत्थे नहीं लग पाया है। नतीजतन व्यापारी वर्ग के साथ ही क्षेत्र के लोगों में भी दहशत व्याप्त है। पूर्व में मुंशाद के द्वारा कैराना के साथ ही कांधला के भी कई व्यापारियों से रंगदारी की मांग की गई थी। उस दौरान कुख्यात मुंशाद की गिरफ्तारी होने पर व्यापारियों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन उसके जेल से फरार होने के बाद से व्यापारी वर्ग में दहशत व्याप्त है। मुंशाद की गिरफ्तारी जल्द न होने से व्यापारियों में डर है कि कहीं फिर से रंगदारी के लिए धमकी न मिलने लगे।
हालांकि पुलिस विभाग का मुखबिर व खुफिया तंत्र पूरी तरह से सतर्क है। मुंशाद की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी के मुताबिक शामली एसओजी टीम सहित कुख्यात मुंशाद की गिरफ्तारी के लिए करीब पांच टीमों का गठन किया गया है, उक्त सभी टीमें कुख्यात मुंशाद व उसके परिचितों के ठिकानों पर दबिश दे रहीं है। थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि मुंशाद को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।