जिला योजना में मिले तीन करोड़ से अधिक रुपये
शामली। वर्ष 2021-22 में 162.62 करोड़ की जिला योजना में शामली जिले में छह विभागों को तीन करोड़ 35 लाख 74 हजार रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। जिला योजना के लिए स्वीकृत हुई धनराशि 31 मार्च 2022 तक खर्च होगी।
अगले साल वर्ष 2022-23 लिए फरवरी में जिला योजना तैयार होगी। शामली जिले की वर्ष 2021-22 के लिए 162.62 करोड़ रुपये की जिला योजना बनाकर तैयार की गई थी। कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल की अध्यक्षता में जिला योजना पारित की गई थी। वर्ष 2021-22 के लिए 162.62 करोड़ रुपये की जिला योजना में से पशुपालन, गन्ना, दुग्ध, खादी ग्रामोद्योग, बेसिक शिक्षा विभाग को शासन से मात्र तीन करोड़ 35 लाख 74 हजार प्राप्त हुई है। जिसमें बेसिक शिक्षा विभाग को 2.74 करोड़, खादी ग्रामोद्योग विभाग को 50 हजार रुपये, पशुपालन विभाग पांच लाख रुपये, वन विभाग 47 लाख रुपये, दुग्ध विभाग तीन लाख रुपये, गन्ना विभाग को 5 लाख 85 हजार रुपये की धनराशि प्राप्त हुई। अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी पुनीत कुमार ने बताया कि जिला योजना में शासन से प्राप्त धनराशि 31 मार्च तक खर्च की जाएगी।
जिला पंचायत के नौ सदस्य शुक्रवार को कलक्ट्रेट में डीएम कोर्ट में हुए जिला योजना समिति सदस्य के चुनाव में विजयी घोषित हुए हैं। जिसमें भाजपा के ज्यादा सदस्य निर्वाचित हुए हैं। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी मुकेश जैन ने बताया कि जिला योजना समिति की बैठक प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में होगी, जिसमें जिला योजना तैयार करने के बाद प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में पारित करने के बाद शासन को भेजी जाएगी।