शामली। ईद का चांद निकलते ही मुस्लिम लोगों ने उसके दीदार किए। मुस्लिम समाज के लोग खुशियों से झूम उठे। एक दूसरे को ईद की मुबारकवाद दी। रोजा खोलने के बाद बाजारों में मुस्लिम महिलाओं और पुरुषों ने जमकर खरीददारी की।
ईद के मौके पर दूध का टोटा रहा। प्रतिदिन दूध की आपूर्ति करने वाले दूधिया नहीं आए। दूधिया न आने पर लोगों ने बाजार से 75 रुपये से लेकर 80 रुपये तक दूध खरीदकर घर का काम चलाया गया।
उधर, /कैराना में चांद रात के अवसर पर कस्बा और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों ने बाजारोें में जमकर खरीदारी की। जिस कारण पूरे दिन बाजारों में रौनक रही। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस और पीएसी के जवान बाजारों में घूमते नजर आए, अधिकारी भी उनसे अपडेट लेते रहे।
बुधवार को सुबह से ही बाजारों में ईद का सामान खरीदने वालों की भीड़ लगी रही। ईद की खरीदारी के चलते कस्बे का मीना मार्केट, जोड़िया कुआं, पुराना बाजार, पट्टो वाला, चौक बाजार आदि में ग्राहकों की भीड़ लगी रही। कास्मेटिक व चूड़ियों की दुकानों पर महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। इसके अलावा ब्यूटी पार्लर में भी महिलाओं को अपना नंबर आने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
रेडिमेट और शूज की दुकानों पर युवाओं की भारी भीड़ जमा रही। साथ ही मिठाई के अलावा ड्राई फ्रूट्स और चाकलेट के गिफ्ट पैक की भी जमकर बिक्री हुई। बाजारों में भीड़ के चलते कई बार जाम की स्थिति बन गई।