यूनिफार्म-बैग खरीदने के लिए खाते में पहुंचेगी धनराशि
शामली। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को यूनिफार्म, स्वेटर, स्कूल बैग एवं जूता मोजा खरीदने के लिए डीबीटी के माध्यम से अभिभावकों के बैंक खाते में धनराशि भेजी जाएगी। इसके लिए विभाग की तरफ से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शिक्षकों को दो दिन में सभी बच्चों के रजिस्ट्रेशन प्रेरणा पोर्टल पर शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा डीबीटी की प्रक्रिया हेतु बच्चों के माता-पिता या अभिभावकों के आधार कार्ड व सक्रिय बैंक खाते की डिटेल संकलित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनपद शामली के 596 परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक लगभग 81 हजार बच्चे नामांकित हैं। शासन ने इस बार शैक्षिक सत्र 2021-22 में सभी बच्चों को निशुल्क यूनिफार्म, स्वेटर, स्कूल बैग और जूता मोजा खरीदने के लिए धनराशि डीबीटी के माध्यम से बच्चों के माता-पिता या अभिभावकों के खाते में सीधे भेजी जाएगी। इसकी तैयारी के लिए शासन ने सभी विद्यालयों में नामांकित बच्चों का शत-प्रतिशत रजिस्ट्रेशन प्रेरणा पोर्टल पर कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बीएसए गीता वर्मा ने खंड शिक्षा अधिकारियों को दो दिन में सभी विद्यालयों में प्रेरणा पोर्टल पर बच्चों के रजिस्ट्रेशन का कार्य दो दिन में पूरा करने के निर्देश दिए। विद्यालयों में नामांकित बच्चों के माता-पिता या अभिभावकों के आधार संकलन और सक्रिय बैंक खाता जो आधार से लिंक हो, की डिटेल संकलित करने को कहा गया है। ताकि प्रेरणा डीबीटी एप के लाइव मोड़ में आते ही डाटा अपलोड किया जा सके। डाटा अपलोड होने पर ही शासन से अभिभावकों के खाते में धनराशि भेजी जाएगी।
प्राथमिक विद्यालय खेड़ीकरमू नंबर एक की प्रधानाध्यापिका सुमन रानी ने बताया कि उनके यहां 169 बच्चे पंजीकृत हैं। सभी का रजिस्ट्रेशन प्रेरणा पोर्टल पर किया गया है। उच्च प्राथमिक विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका उपमा शर्मा ने बताया कि बच्चों के प्रेरणा पोर्टल पर शत प्रतिशत रजिस्ट्रेशन करने के निर्देश मिले हैं। विद्यालय में कक्षा छह से आठ तक के 254 बच्चे नामांकित है, जिनमें 125 नए हैं। नामांकन के दौरान ही प्रेरणा पोर्टल पर बच्चों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है।
ऑनलाइन डीबीटी प्रेरणा एप का प्रशिक्षण आज
शामली। सामुदायिक सहभागिता बेसिक के जिला समन्वय अमित कुमार ने बताया कि शासन स्तर से डीबीटी के माध्यम से बच्चों के अभिभावकों के खाते में यूनिफार्म आदि की धनराशि भेजी जाएगी। इसके तहत डीबीटी प्रेरणा मोबाइल एप एवं प्रेरणा पोर्टल पर डाटा अपलोड किया जाएगा। इस एप के संचालन संबंधी तकनीकी पहलुओं की जानकारी देने के लिए मंगलवार को दोपहर 12 बजे यू-टयूब के माध्यम से आनलॉइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में जिले के सभी अध्यापकों, बीईओ, जिला समन्वय व अन्य तकनीकी स्टाफ को शामिल होने के लिए निर्देशित किया गया है।