झिंझाना निवासी रवि का फाइल फोटो।
- फोटो : SHAMLI
लापता युवक का शव नदी में मिला
झिंझाना (शामली)। कस्बे के मोहल्ला कानूनगोयान से शनिवार से लापता 35 वर्षीय युवक का शव सोमवार को अलीनगर रोड स्थित काठा नदी से बरामद हुआ। शव जानवरों नोच रखा था। युवक के परिजनों ने रविवार शाम ही गुमशुदगी दर्ज कराते हुए तीन युवकों पर शक जताया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच-पड़ताल में जुट गई है। मृतक की डायरी से भी अहम सुराग मिले हैं।
कस्बे से करीब एक किमी दूर अलीनगर मार्ग पर स्थित बरसाती काठा नदी में पड़े एक युवक के शव को सोमवार दोपहर करीब 12 बजे कुछ जानवर नोच रहे थे। वहां से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव नदी से निकलवाया। युवक की पहचान दो दिन से लापता मोहल्ला कानूनगोयान निवासी रवि पुत्र मनोज के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे परिजनों में शव देखते ही कोहराम मच गया। 35 वर्षीय रवि मजदूर था और उसे अंतिम बार शनिवार की शाम ऊन रोड पर कुछ साथियों के साथ देखा गया था।
रविवार की शाम रवि की पत्नी मीनू ने पति के गुम होने की लिखित सूचना पुलिस को दी थी। जिसमें उसने कस्बे के मोहल्ला सैदमीर निवासीगण मनीष पुत्र रामशरण, राजीव पुत्र अमर सिंह और गांव रंगाना निवासी राहुल फाइनेंसर पर रवि को गायब करने का शक जाहिर किया था। प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने तीन लोगों पर शक जाहिर किया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
रवि ने डायरी में जताई थी अनहोनी की आशंका
रवि के परिजनों ने बताया कि उसकी डायरी से एक पेज मिला है। जिसमें रवि ने लिखा है कि रंगाना निवासी फाइनेंसर राहुल मुझे 14 नवंबर 2021 से मारने की धमकी दे रहा है। मैं उसके बारे में लिख रहा हूं, अगर मुझे कुछ हो गया तो उसका जिम्मेदार वह होगा। पुलिस हर पहलू पर मामले की जांच कर रही है। रवि की शादी को 10 वर्ष हो गए हैं। रवि के दो पुत्र पांच वर्षीय वैभव व दो वर्षीय विहान हैं।