थानाभवन। मेला गुघाल में आयोजित दंगल में बुर्ज की कुश्ती बराबरी पर छूटी। इनामी राशि दोनों पहलवानों में बांट दी गई। वहीं, दूसरे स्थान पर रहे विजेता पहलवान को शील्ड व नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
मेला गुघाल में 10 दिन से चल रहे दंगल के आखिरी दिन बुर्ज कुश्ती सुक्कन पहलवान कैराना और गय्यूर पहलवान बापौली के बीच हुई। 45 मिनट तक दोनों पहलवानों ने दांवपेच चलाए, लेकिन हार-जीत का फैसला नहीं हो सका। रेफरी अनीस अहमद ने कुश्ती बराबरी का निर्णय घोषित कर दिया।
मेला दंगल ठेकेदार उस्मान कुरैशी ने बताया कि बुर्ज की कुश्ती की इनामी राशि 5100 रुपये में से गय्यूर पहलवान बापौली को 3100 रुपये और सुक्कन पहलवान कैराना को 2100 रुपये देकर सम्मानित किया गया। गय्यूर पहलवान के दांवपेंच ज्यादा प्रभावी रहने के कारण उसे ज्यादा इनाम मिला।
वहीं कुश्ती बराबरी रह जाने के कारण बुर्ज किसी को नहीं दिया गया। उधर, दूसरे स्थान के लिए फैसल पहलवान कैराना और मुकीम गंगेरू के बीच मुकाबला हुआ।
25वें मिनट में फैसल ने मुकीम को चित्त कर दिया। फैसल पहलवान को 1100 रुपये व एक शील्ड देकर सम्मानित किया गया। दंगल में मनोज पहलवान, सोनीपत शावेज, अंकित पहलवान छपरौली, रविंद्र शर्मा, उमेश सैनी, सुरेंद्र सिंह सभासद, दिलशाद अहमद, अनीस अहमद आदि मौजूद रहे।