कैराना/ झिंझाना। मंगलवार को भी प्रवासी श्रमिकों का हरियाणा की ओर से आने का सिलसिला जारी रहा। देर शाम तक दो हजार से अधिक प्रवासी श्रमिक जिले में पहुंचे थे, जिन्हें रोडवेज बसों से संबंधित जनपदों को भेजा जा रहा था।
मंगलवार सुबह से ही कैराना शेल्टर होम पर हरियाणा रोडवेज की बसों से प्रवासी श्रमिकों का आना शुरू हो गया था। सुबह साढे़ 8 बजे एडीएम अरविंद कुमार और एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने शेल्टर होम पर कैंप करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शाम तक हरियाणा रोडवेज की 27 बसों से करीब एक हजार से अधिक प्रवासी श्रमिक शेल्टर होम पहुंचे, जहां से उन्हें 25 बसों से उनके गृह जनपद भेज दिया गया। एसडीएम देवेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को बिहार के 30 श्रमिकों को एक बस द्वारा बिहार बार्डर के जिला बलिया भेजा गया।
उधर झिंझाना में अहमदगढ़ विरक पैलेस में बने शेल्टर होम में 50 बसें उत्तर प्रदेश के प्रवासी मजदूरों को लेकर पहुंची, जहां से प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में यूपी परिवहन निगम की 30 बसों में श्रमिकों की थर्मल स्क्रीनिंग और खाना खिलाने के बाद रवाना किया जा चुका था। रात तक इनके भेजे जाने का क्रम जारी था।