व्यापारी सेना ने लगाए औषधीय पौधे
शामली। व्यापारी सेना ने सीडीओ आवास के पीछे स्थित गोरखनाथ मंदिर के प्रांगण में औषधीय पौधों रोपे। पदाधिकारियों ने प्रशासन से अभियान के दौरान किए गए पौधरोपण की उचित देखभाल कराने की मांग की।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की शाखा व्यापारी सेना ने सोमवार को नहर पुल स्थित मुख्य विकास अधिकारी आवास के पीछे स्थित श्री गोरखनाथ मंदिर प्रांगण में गिलोय, बेल, पीपल, नीम, बरगद आदि के पौधे रोपे। व्यापारी सेना के प्रदेश प्रभारी पंकज वालिया ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान औषधीय पौधों ने काफी हद तक लोगों की बीमारियों को दूर किया। प्रत्येक वर्ष सरकार भी पौधरोपण अभियान चलाती है, जिसमें लाखों करोड़ों पौधों का रोपण किया जाता है लेकिन इसके बाद इन पौधों की उचित देखभाल न होने के चलते यह फलने फूलने से पूर्व ही दम तोड़ देते हैं। इसलिए पौधों की सुरक्षा व उनकी देखभाल के लिए प्रशासन को भी कदम उठाने चाहिए, तभी पौधरोपण अभियान सार्थक हो सकेगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व संयुक्त मोर्चे के संयोजक मनोज सैनी ने बताया कि लोगों से भी अपील की कि वे भी अधिक से अधिक संख्या में पीपल, नीम व अन्य औषधीय पौधों का रोपण करें। मौके पर संदीप कश्यप, प्रदीप डाबरा, गौरव, प्रवीण राठौड़, हैदर मिर्जा, राजेंद्र, महबूब, पिंटू आदि मौजूद रहे।