शामली। नगर पालिका परिषद शामली की बोर्ड बैठक बृहस्पतिवार को होगी। बैठक में जल मूल्य वसूली, आय व्यय का ब्योरा समेत विकास कार्य संबंधी कई प्रस्ताव रखे जाएंगे। उधर, पालिका के चार सभासदों ने डीएम जसजीत कौर को पत्र सौंपकर बोर्ड बैठक को प्रशासनिक अधिकारी की मौजूदगी में कराए जाने की मांग की है।
नगर पालिका परिषद शामली की बोर्ड बैठक पहले दस सितंबर को होनी थी, जिसका एजेंडा भी जारी किया गया था। मगर किसी वजह से बैठक स्थगित कर दी गई थी। इसके स्थान पर सात अक्तूबर को दोपहर तीन बजे बोर्ड बैठक की तारीख रखी गई थी। बृहस्पतिवार को होने वाली बैठक में सड़क, नाली निर्माण के विभिन्न विकास कार्यों संबंधी प्रस्ताव रखे जाएंगे। इसके साथ ही जल मूल्य वसूली का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। उधर, बुधवार को कलक्ट्रेट में पालिका की वार्ड सभासद निशी रानी, अनिल उपाध्याय, राजीव गोयल और पंकज गुप्ता ने डीएम को पत्र देकर बताया कि बृहस्पतिवार को पालिका बोर्ड की बैठक प्रस्तावित है।
पालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र सिंह अवकाश पर गए हुए हैं। बैठक में आय-व्यय समेत कई महत्वपूूर्ण कार्यों के प्रस्ताव एजेंडे में रखे गए हैं। सभासदों का कहना है कि उनकी जानकारी में आया है कि बोर्ड बैठक में पालिका चेयरपर्सन अंजना बंसल भी शायद मौजूद न रहे। अगर ऐसा होता है तो बैठक को स्थगित किया जाए या फिर प्रशासनिक अधिकारी की मौजूदगी में बोर्ड बैठक की जाए।