मसूरा प्रकरण: सिपाही पर हमले के दो आरोपी और गिरफ्तार
शामली। झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव मसूरा में एक सप्ताह पहले दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान सिपाही सहित दो लोगों को बंधक बनाकर मारपीट करने के आरोप में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में तीन आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुके हैं।
झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव मसूरा में तीन अक्तूबर को दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इसी दौरान निजी कार से सादे कपड़ों में कैराना थाने के दो सिपाही मुखबिर के साथ वहां से जा रहे थे। ग्रामीणों ने सिपाहियों को घेर लिया था। लोगों ने एक सिपाही और मुखबिर को बंधक बनाकर मारपीट की थी। सिपाही अक्षय की तरफ से झिंझाना थाने पर बिलाल को नामजद करते हुए आठ-दस अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले में पुलिस ने रविवार दोपहर को दो आरोपी गय्यूर और परवेज उर्फ महेंद्र, निवासी गांव मसूरा थाना झिझाना को मुखबिर की सूचना पर गांव वेदखेड़ी तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। सिपाही को बंधक बनाकर मारपीट करने के तीन आरोपियों को पुलिस पहले गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने गांव फतेहपुर के एक मामले में वांछित चल रहे नवाब निवासी फतेहपुर, मुस्तकीम निवासी गांव ओदरी, सद्दाम निवासी हमजागढ (जोगीपुरा) थाना गंगोह सहारनपुर, अफसरुन निवासी ओदरी, और शमशाद निवासी फतेहपुर को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों का चालान कर दिया।