गोशाला में कई गोवंशों की मौत, हंगामा
शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के नंगली जमालपुर गांव में गोशाला में कई गोवंशों की मौत हो गई। दुर्गंध से परेशान स्थानीय नागरिकों ने गोशाला पहुंचकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।
मंगलवार को गोशाला के अंदर से दुर्गंध आने पर कुछ लोग वहां पहुंचे तो कई गोवंश मरे पड़े मिले। बताया गया कि जबकि कुछ मरे गोवंश को तो कुत्तों का झुंड खाता दिखाई दिया। जिस पर लोगों ने हंगामा कर दिया। उनका आरोप था कि गोशाला में गोवंश को सूखा भूसा दिया जाता है न तो अच्छे पानी की व्यवस्था है और न ही अच्छे खाने की। भूख-प्यास के कारण यहां पर गोवंश की मौतों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब गोवंश के मरने के बाद दुर्गंध फैली तो आसपास के लोगों को पता चला। पशु चिकित्सक जितेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। उन्होंने बताया कि आठ से ज्यादा गोवंश की मौत हुई है। इनकी मौत का कारण क्या रहा, इसकी जांच कराई जा रही है।
जीएसटी में वृद्धि का ईंट भट्ठा मालिकों ने किया विरोध
शामली। मंगलवार को शामली ईंट निर्माता समिति के पदाधिकारियों की एक बैठक का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि कोयले के रेट 24 हजार प्रति टन तक पहुंच गए हैं, जिस कारण भट्ठे नहीं चलाए जा सकते। वहीं, सरकार द्वारा भट्ठों पर जीएसटी की दर पांच प्रतिशत के स्थान पर 12 प्रतिशत कर दी गई है। जो भट्ठा उद्योग पर एक बड़ा आघात है। कहा कि शामली ईंट निर्माता समिति इस जीएसटी बढ़ोतरी का पुरजोर विरोध करती है। इस अवसर पर भूपेंद्र मलिक, सुनील गोयल, कृष्ण कुमार शर्मा, महिपाल सिंह, नीरज बालियान, सवेन्द्र मलिक, वीरेन्द्र फौजी, मांगेराम, इंद्रपाल, वीरेंद्र सिंह, ब्रजपाल किवाना आदि मौजूद रहे।