गलत उपचार के कारण महिला की हुई ऐसी हालत।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में डॉक्टर की लापरवाही ने एक महिला की जिंदगी बेनूर कर दी। महिला को मलेरिया बताकर निजी अस्पताल में भर्ती कराकर उसका ट्रीटमेंट किया गया। महिला के परिजनों का आरोप है कि सही उपचार नहीं करने पर महिला का शरीर काला पड़ गया। शरीर पर जगह-जगह छाले पड़ गए। महिला के परिजनों ने मुख्यमंत्री सहित आला अधिकारियों को पत्र भेजकर अस्पताल मालिक तथा डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की है।
पीड़ित महिला कांधला क्षेत्र के गांव लोहरीपुर की रहने वाली शाहिना है। उसकी शादी सोनीपत (हरियाणा) के जिला गन्नौर स्थित गाव खेड़ी गुज्जर निवासी वाकिब से हुई। 20 जून को वह मायके आई हुई थी, तो उसकी तबीयत खराब हो गई। 21 जून को मायके वाले उसको शामली में सृष्टि हास्पिटल ले आए। वहां डॉक्टर संकेत सिंह ने चेकअप किया और कहा कि कि उसको मलेरिया हो गया है। इसके बाद शाहिना को अस्पताल में भर्ती कर ट्रीटमेंट दिया गया। आरोप है कि डॉक्टर ने लापरवाही बरतते हुए गलत दवाइयां दे दी, जिसका कुप्रभाव महिला के शरीर पर पड़ने लगा। शरीर पर जगह जगह छाले हो गए।
इसके बाद परिवार के लोग उसे दिल्ली के पंजाबी बाग स्थित महाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल ले गए। वहां उसका इलाज चल रहा है। महिला के परिजनों का कहना है कि महाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल के डाक्टरों ने बताया महिला को मलेरिया नहीं हुआ है, उसे गलत दवाइयां दे दी गईं। महिला के परिजनों ने मुख्यमंत्री तथा आला अधिकारियों को पत्र भेजकर कहा है कि डाक्टर की लापरवाही की वजह से उन्हें आर्थिक और मानसिक हानी हुई है। इसके बाबत उन्होंने आरोपी डॉक्टर और नर्सिंगहोम मालिक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।