शामली। कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच जिले में विधान परिषद का शांतिपूर्ण 97.54 प्रतिशत मतदान संपन्न हुआ। जिले में सर्वाधिक मतदान कांधला ब्लॉक में 98.67 प्रतिशत और शामली ब्लाक में 97.63 प्रतिशत हुआ है। कुल 895 मतदाताओं में 873 पुरुष और महिला मतदाताओं ने वोटिंग की। 22 मतदाताओं ने वोट नहीं डाले।
विधान परिषद चुनाव के मतदान सुबह आठ शुरू हुआ। सुबह के जिले के शामली ब्लॉक, कांधला, कैराना नगर पालिका परिषद कार्यालय, ऊन और थानाभवन ब्लाक कार्यालयों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की वोट डालने के आना शुरु हो गया। जैसे-जैसे दिन का तापमान बढ़ा, मतदाताओं की संख्या भी बढ़ने लगी। दोपहर दो बजे तक मतदान प्रतिशत 86.92 तक पहुंच गया। शाम चार बजे तक जिले में 97.54 प्रतिशत पुरुषों और महिलाओं ने मतदान किया। 516 पुरुषों में से 503 और 379 महिला मतदाताओं में से 370 ने वोटिंग की। विधान परिषद चुनाव के मतदान के लिए कांधला मे डीएम जसजीत कौर व एसपी सुकीर्ति माधव और शामली, ऊन, थानाभवन और कैराना में एडीएम संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ जायजा लिया। शाम को एसडीएम कैराना और सीओ के नेतृत्व में सभी मतपेटियां सहारनपुर रवाना कर दी गई। मतगणना 12 अप्रैल को होगी।
मतदान केंद्र के बाहर लगा रहा भाजपा प्रत्याशी का होर्डिंग
शामली ब्लाक मुख्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र के गेट के बाहर भाजपा प्रत्याशी वंदना वर्मा का होर्डिंग लगा रहा। केंद्र पर अधिकारी निरीक्षण के लिए भी पहुंचे, लेकिन होर्डिंग की तरफ उनका ध्यान नहीं गया। शाम तक होर्डिंग ऐसे ही लगा रहा।
विधान परिषद चुनाव 2022 का समय वार -मतदान प्रतिशत
सुबह दस बजे तक- 20.11 प्रतिशत
दोपहर 12 बजे तक - 63.46 प्रतिशत
दोपहर 2 बजे तक- 86.92 प्रतिशत
शाम 4 बजे तक - 97.54 प्रतिशत
- मतदेय स्थल - कुल मत प्रतिशत
- शामली ब्लाक कार्यालय- 97.63 प्रतिशत
- कैराना नगरपालिका परिषद कार्यालय- 96.84 प्रतिशत
- ऊन ब्लाक कार्यालय- 97.37 प्रतिशत
- थानाभवन ब्लाक कार्यालय- 97.37 प्रतिशत
- कांधला नगरपालिका परिषद- 98.67 प्रतिशत
-कुल योग- 97.54 प्रतिशत