पैसे के लेनदेन पर चाकू से हमला, वीडियो वायरल
थानाभवन। सब्जी व्यापारी पर चाकू से हमला का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित ने थाने पर प्रार्थना पत्र देकर पैसे के लेनदेन को लेकर चाकू से हमला करने और धमकाने का आरोप लगा कार्रवाई की मांग की।
थानाभवन थाने पहुंचे रवि कुमार ने तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि वह थानाभवन मंडी समिति में बाहर से सब्जी लाकर अपना व्यापार करता है। थानाभवन निवासी एक व्यक्ति उसकी दुकान पर पहुंचा और उसके भाई के पैसे के लेनदेन को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध किया तो चाकू से हमला कर दिया। वह घायल हो गया और उसे मंडी में काम नहीं करने देने व जान से मारने की धमकी भी दी।
जिसके बाद दूसरा पक्ष भी थाने पहुंच गया और खुद के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों के समर्थकों ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। थानाभवन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि दो पक्षों के बीच में 12 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर थाने पहुंच मारपीट का आरोप लगाया था, फिलहाल दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
खूब चर्चा में रहा वायरल वीडियो
वायरल वीडियो में मारपीट करने वाला व्यक्ति भाजपा में पदाधिकारी है। बीजेपी नेता द्वारा एक व्यक्ति पर पैसे के लेनदेन को लेकर चाकू से हमला करने का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।