शामली। चुनाव आयोग के सख्त आदेश हैं कि बॉर्डर पर पुलिस सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए, ताकि बाहरी लोग किसी भी माध्यम से चुनाव को प्रभावित न कर सकें।
आदेश को लेकर एसपी शामली तो गंभीर दिखे और जलालाबाद चेकपोस्ट पर स्वयं खड़े होकर चेकिंग कराई। बाबरी पुलिस भी बंतीखेड़ा चेकपोस्ट पर चेकिंग करती पाई गई, बाकि जिले की पुलिस लंबी तान कर सोती मिली। अमर उजाला टीम ने शुक्रवार को जिले में छह महत्वपूर्ण चेकपोस्टों का दौरा कर वहां के हालात जानने का प्रयास किया।
कैराना यमुना पुल हरियाणा-यूपी बॉर्डर चेकपोस्ट, कोतवाली कैराना
पानीपत-खटीमा मार्ग समय- 2:08 बजे
चेकपोस्ट पर एक ही सिपाही तैनात मिला। चेकिंग तो दूर वह किसी अन्य काम में व्यस्त मिला। शामली का यह महत्वपूर्ण चेकपोस्ट खाली मिला। डग्गामार जीपें हों या फिर अन्य वाहनों की आवाजाही बे रोकटोक रही। बताते चलें कि यह वही चेकपोस्ट है जहां से पलविंदर उर्फ पिंदा बचकर निकल गया था, जिसे कैराना में पकड़ा गया था।
अहमदगढ़ पुलिस चौकी, थाना झिंझाना
मेरठ-करनाल हाईवे समय- 1:28
चेकपोस्ट पर सड़क पर बैरियर तो लगे मिले, लेकिन कोई पुलिस वाला नहीं था। चौकी के अंदर एक सिपाही धूम्रपान कर रहा था। जैसे ही कवरेज शुरू की तो कैमरा देखते ही सिपाही बीड़ी फेंककर बाहर आ गया।
यूपी-हरियणा बॉर्डर, बिडौली चेकपोस्ट
मेरठ-करनाल हाईवे समय-1:52 बजे
चेकपोस्ट पर बैरियर तो लगे हुए हैं, वाहन बे रोकटोक सरपट दौड़ रहे थे। चौकी के अंदर एक सिपाही बैठा हुआ मोबाइल पर बातें कर रहा था। चेकिंग के बारे में पूछा गया तो सिपाही ने इस तरह के किसी भी आदेश से इंकार कर दिया। चौकी के बाकि सिपाही गश्त पर गए हुए थे। हालांकि यहां पर आबकारी टीम के इंस्पेक्टर चेकिंग करते हुए जरूर मिले।
बंतीखेड़ा चेकपोस्ट, थाना बाबरी
पानीपत-खटीमा मार्ग समय- 1:45 बजे
इस चेकपोस्ट पर अमर उजाला टीम पहुंची तो देखा कि वहां पर एसओ सुनील दत्त बेरिकेटिंग लगाकर चेकिंग करते मिले। उन्होंने आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग की। यहां देखने में लगा कि चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन किया जा रहा है।
जलालाबाद चेकपोस्ट, थाना थानाभवन
दिल्ली-सहारनपुर मार्ग समय-2:20 बजे
अमर उजाला टीम पहुंची तो देखा कि यहां पर एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा के नेतृत्व में एसओ थानाभवन अनुराधा सिंघल, चौकी प्रभारी संदीप कुमार वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। एसपी स्वयं वाहनों को रुकवाकर पूछताछ करते मिले। दुपहिया हो या फिर चौपहिया वाहन, सभी को चैक किया जा रहा था।
औद्योगिक क्षेत्र चेकपोस्ट, थाना शहर कोतवाली शामली
पानीपत-खटीमा मार्ग, समय-4:15 बजे
कैराना से लौटते हुए अमर उजाला टीम यहां पहुंची। चौकी परिसर के अंदर दो दरोगा बैठे हुए थे, लेकिन यहां किसी तरह की चेकिंग नहीं की जा रही थी। बे रोकटोक हाईवे पर वाहनों का आवागमन जारी था।
खंद्रावली चेकपोस्ट, थाना कांधला
दिल्ली-सहारनपुर रोड समय-1:05 बजे
सड़क पर बैरीकेटिंग तो मिली, लेकिन पुलिस नजर नहीं आई। चौकी के अंदर दो सिपाही बैठे थे और आपस में बातचीत कर रहे थे। मार्ग पर बागपत और शामली की ओर से आने-जाने वाले वाहन बे रोकटोक दौड़ रहे थे।