सांसद मुनव्वर हसन के निधन के बाद 2009 में हसन परिवार ने बसपा का दामन थामा। कैराना लोकसभा में हसन परिवार की तबस्सुम हसन ने कैराना लोकसभा सीट पर भाजपा के हुकुम सिंह को हराकर तीसरी बार हसन परिवार को विजय दिलाई थी।
वर्ष 2014 में कैराना लोकसभा सीट के सांसद हुकुम सिंह के निधन के बाद वर्ष 2018 में हुए उपचुनाव में हुकुम सिंह परिवार की बेटी मृंगाका सिंह चुनाव मैदान में आईं तो हसन परिवार की तबस्सुम हसन ने भाजपा की मृंगाका सिंह को हराकर कैराना लोकसभा सीट पर चौथी बार कब्जा किया।
वर्ष 2019 में भाजपा के प्रदीप चौधरी ने हसन परिवार की तबस्सुम हसन को हराकर कैराना लोकसभा सीट को भाजपा की झोली में डाल दिया था।
अब वर्ष 2024 में कैराना लोकसभा सीट पर हसन परिवार की बेटी इकरा हसन सपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ीं। इकरा हसन ने भाजपा के प्रदीप चौधरी को हराकर कैराना सीट पर पांचवीं बार कब्जा किया है।
मात्र 27 की उम्र में बनीं सांसद
कैराना लोकसभा सीट पर सपा प्रत्याशी इकरा हसन ने भाजपा प्रत्याशी प्रदीप चौधरी को हराकर जीत दर्ज की। इकरा की उम्र सिर्फ 27 वर्ष की हैं। सपा जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी का कहना है कि बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और अन्य स्थानों पर जीते प्रत्याशियों की उम्र देखें तो सबसे कम उम्र इकरा की है। इकरा ने कम उम्र में सांसद बनकर सपा और कार्यकर्ताओं का नाम रोशन करने के साथ सभी की मेहनत भी सफल हो गई है।
शिक्षा रहेगी प्राथमिकता: इकरा हसन
भारी मतों से चुनाव जीतने के बाद समाजवादी पार्टी की कैराना सांसद इकरा हसन ने जनता का धन्यवाद देते हुए कहा कि मैं दिल की गहराइयों से सभी का धन्यवाद देती हूं। भाजपा के 400 पार के नारे पर उन्होंने कहा कि यह बीजेपी का फंडा था जो ध्वस्त हो गया है। कहा कि उनकी प्राथमिकता विकास के लिए रहेगी। लड़कियों के लिए शिक्षा की व्यवस्था उनकी पहली प्राथमिकता है।
किसानों के हित की लड़ाई लड़ते रहेंगे। किसानों के मुद्दों को संसद में उठाया जाएगा। भाजपा को हराने की जो यह मुहिम चली है, उसमें कैराना की जनता ने पहल की है। बिना किसी बड़े चेहरे के चुनाव जीतने पर उन्होंने कहा कि उन्होंने और उनके कार्यकर्ताओं ने मेहनत की है।
ऊपर वाला किसी भी मेहनत को खराब नहीं जाने देता। ऊपर वाला मेहनत का सभी को फल देता है और हमें भी अपना आशीर्वाद दिया है। महिलाओं ने मुझे बढ़-चढ कर वोट दिया है। अब मेरा फर्ज है कि मैं महिलाओं की आवाज तो उठाऊं और बढ़-चढ़कर उनका साथ दूं। क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
शामली नवीन मंडी मतगणना स्थल पर इकरा हसन को प्रमाण पत्र देते डीएम रविंद्र सिंह
कैराना लोकसभा सीट पर हसन परिवार का जीत का इतिहास
चुनाव वर्ष प्रत्याशी पार्टी प्राप्त वोट
1984 चौधरी अख्तर हसन कांग्रेस 236904
1996 मुनव्वर हसन सपा 184636
2009 तबस्सुम हसन बसपा 283259
2018 तबस्सुम हसन रालोद 481181
2024 इकरा हसन सपा गठबंधन 528013
कैराना में अपने चुनावी कार्यालय पर समर्थकों के साथ बैठकर परिणाम पर चर्चा करती इकरा हसन-संवाद
10.75 लाख मतदाताओं ने किया था मतदान
कैराना लोकसभा सीट पर इस बार कुल 62.46 प्रतिशत मतदान हुआ था। 17 लाख 22 हजार 432 मतदाताओं में से 10 लाख 75 हजार 839 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
चार ईवीएम हुई खराब वीवी पैट से हुई गिनती
कैराना लोकसभा क्षेत्र की मतगणना के दौरान थानाभवन विधानसभा क्षेत्र की चार ईवीएम में तकनीकी खराबी आ गई। मशीन न चलने से वीवी पैट से मतों की गिनती की गई।
नवीन मंडी स्थल पर कैराना लोकसभा क्षेत्र के शामली, थानाभवन व कैराना विधानसभा क्षेत्र की मतगणना हुई। बताया गया कि मतगणना के दौरान थानाभवन विधानसभा क्षेत्र की चार ईवीएम नहीं चल पाई। ईवीएम चालू करने के लिए तकनीशियन ने प्रयास किया, लेकिन वह चालू नहीं हो सकी। इसके बाद वीवी पैट से मतों की गिनती की गई।