स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ सहायक को किया निलंबित
शामली। सीएचसी कांधला पर पूर्व में तैनात रहे कनिष्ठ सहायक अमित शर्मा को शासन ने निलंबित कर दिया है। शामली में तैनाती के दौरान पांच साल पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को देयकों का भुगतान संबंधी कार्रवाई पूरी न करने और नई तैनाती स्थल शाहजहांपुर में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण कार्रवाई की गई है।
सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि कांधला सीएचसी पर कनिष्ठ सहायक अमित शर्मा का करीब आठ माह पहले जुलाई में शासन ने शाहजहांपुर स्थानांतरण कर दिया था। शाहजहांपुर में उन्होंने ज्वाइन कर लिया था, लेकिन उसके बाद से लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं। सीएमओ ने बताया कि उन्होंने शामली में करीब पांच साल से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को देयकों के भुगतान से संबंधित कार्य नहीं किया और स्थानांतरण के बावजूद कार्यभार भी हस्तांतरित नहीं किया गया था। इस संबंध में पिछले महीने उन्होंने शासन को पत्र भेजकर अवगत कराया था। सीएमओ ने बताया कि शहाजहांपुर के सीएमओ ने भी शासन को पत्र भेजकर कार्यभार ग्रहण करने के बाद से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने की रिपोर्ट भेजकर कनिष्ठ सहायक के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की थी।
शासन ने इसे गंभीरता से लिया और इस मामले में कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग के निदेशक (प्रशासन) डॉ. राजा गणपति आर ने अमित शर्मा को निलंबित करने के आदेश जारी कर करते हुए उन्हें अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण बरेली मंडल बरेली के कार्यालय से संबद्ध किया है। इस मामले की जांच अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एंव परिवार कल्याण बरेली मंडल को सौंपी गई है।