शिक्षा के साथ देश के इतिहास को जानना जरूरी
शामली। वीवी इंटर कॉलेज शामली की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में युवाओं को गौरवशाली इतिहास के बारे में जानने के लिए प्रेरित किया गया।
शनिवार को कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य एसके आर्य, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुराग शर्मा, मुख्य वक्ता पूनम आर्य, समाज सेविका वीना अग्रवाल, सुनीता पाल और रश्मि जैन ने भारत मां की प्रतिमा पर संयुक्त रूप से माल्यार्पण कर किया। डॉ. अनुराग शर्मा ने कहा कि युवा राष्ट्र की शक्ति हैं और युवाओं को शिक्षा के साथ अपने गौरवशाली इतिहास और सभ्यता को जानना होगा। आजादी के उन गुमनाम नायकों के विषय में जानने की आवश्यकता है, जिन्होंने देश की आजादी में अपना सर्वस्व बलिदान कर देश को आजादी दिलाई, लेकिन उनका इतिहास में कहीं जिक्र नहीं है।
मुख्य वक्ता पूनम आर्य ने कहा की यह देश महाराणा प्रताप, वीर हकीकत राय, गुरु गोविंद सिंह, वीर शिवाजी जैसे नायकों का देश है। हमारी युवा पीढ़ी को इनके विषय में जानना और पढ़ना चाहिए। प्रधानाचार्य एसके आर्य ने छात्र-छात्राओं को कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक ज्ञान होना भी जरूरी है। कार्यक्रम में छात्रा शिवानी ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. शशि वर्मा, नरेंद्र शर्मा, सुमित, कपिल, प्रदीप आर्य, राजनाथ सिंह, राजवीर सिंह, महावीर सिंह, दिनेश तोमर, राजीव गोयल, विनोद, संदीप मित्तल, शाहिद, शशिकांत आदि मौजूद रहे।