शामली। कोविड एल-2 अस्पताल में मरीज को ऑक्सीजन देेने के नाम पर स्वास्थ्यकर्मी द्वारा 10 हजार रुपये वसूलने के मामले की जांच शुरू हो गई है। इस मामले में सीओ सिटी ने मृतक की पत्नी के बयान लिए और कोविड एल-2 अस्पताल पहुंचकर जानकारी जुटाई।
थानाभवन क्षेत्र के गांव हरड़ फतेहपुर निवासी सत्यवान सिंह (48) को सांस लेने में परेशानी होने पर पांच मई को कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसी रात मरीज की मौत होने पर परिजनों ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया था कि अस्पताल में ड्यूटी कर रहे स्वास्थ्यकर्मी संजय ने उनसे ऑक्सीजन सिलिंडर के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की थी, जिसमें उन्होंने 10 हजार रुपये दे दिए थे। बाकी 40 हजार रुपये अगले दिन देने को कहा गया था। मृतक की पत्नी ममतेश का आरोप है कि 15 मिनट बाद ही सिलिंडर खाली हो गया था, जिस कारण उसके पति की मौत हो गई। इस मामले में ममतेश की तरफ से आदर्श मंडी थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने आरोपी स्वास्थ्यकर्मी संजय को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। इस प्रकरण की जांच कर रहे सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने मृतक की पत्नी ममतेश के बयान दर्ज किए और शुक्रवार को ममतेश को साथ लेकर कोविड एल-2 अस्पताल पहुंचकर उस दिन ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों के बारे में जानकारी ली। ममतेश का कहना है कि उसके तीन बेटी व एक बेटा है। घर में कमाने वाला कोई नहीं है, जिससे आजीविका चलाना मुश्किल हो गया है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग की है।