शामली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज मनाया जाएगा लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते इस बार योग शिविरों का आयोजन नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने घरों पर रहकर ही योग करने के निर्देश जारी किए हैं।
डीएम जसजीत कौर ने बताया कि 21 जून 2021 को सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत घर पर ही मनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि ‘बी विद योगा, बी एट होम का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए। डीएम ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए अपने घरों पर योग करने के लिए जन सामान्य को प्रोत्साहित करें। सोमवार सुबह सात बजे से 45 मिनट तक कॉमन योगा प्रोटोकाल के तहत योग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य एवं तनाव मुक्त रहने के लिए नियमित योग करें। उन्होंने सभी माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि छात्र-छात्राओं को व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़कर कामन योगा प्रोटोकाल के तहत योग करने हेतु प्रोत्साहित करें। सोशल मीडिया जैसे यूट्यूब, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम के माध्यम से भी योगाभ्यास को बढ़ावा देने की योजना बनाई जाए। ब्यूरो