शामली गढ़ीपुख्ता मार्ग पर सुबह सात बजे छाया स्मॉग
- फोटो : SHAMLI
शामली। जिले की हवा बुधवार को भी बहुत खराब की श्रेणी में रही। सुबह और शाम को शहर धुंध की चादर में लिपटा रहा। दोपहर में धूप निकली तो धुंध छंटी। एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 312 रहा। जिसके चलते दमा रोगियों से लेकर बुजुर्गों व बच्चों की सांस फूल रही है। आंखों में जलन की समस्या भी सामने आ रही हैं। प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन स्तर से मॉनिटरिंग शुरू कर दी गई है। प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ प्रशासन की ओर से कार्रवाई भी की जाएगी।
दीपावली के बाद से जिले का एक्यूआई स्तर डेढ़ गुना हो गया है। यह लगातार 300 से ऊपर बना हुआ है। कई बार यह साढ़े तीन सौ से ऊपर भी जा चुका है। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण को सुप्रीम कोर्ट भी गंभीर है। राज्य सरकार को इसे रोकने के लिए कदम उठाने के निर्देश भी दिए है। फिर भी बीते कुछ दिनों में हालात नहीं सुधरे। जिले का एक्यूआई लगातार बहुत खराब की श्रेणी में है।
सुबह और शाम ज्यादा दिक्कत
सुबह और शाम के समय कोहरे के साथ धूल और प्रदूषण के कण मिलने से ज्यादा दिक्कत लोगों को हो रही है। दोपहर में धूप निकलने पर इससे कुछ राहत मिल जाती है। लेकिन कोहरा कोहरा आने पर फिर से हालात गंभीर हो जाते हैं। प्रदूषण विभाग के अधिकारियों की माने तो अगले दो माह तक वायु प्रदूषण में राहत के आसार नहीं हैं। दिसंबर तक एक्यूआई अधिक रहेगा। ये मौसम का प्रभाव है।
खुले में निर्माण सामग्री डालने वालों को जारी होंगे नोटिस
नगर पालिका ने भी प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए कमर कस ली है। अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र यादव का कहना है कि टीम बनाई गई हैं। जो खुले में निर्माण सामग्री डालने वालों को चिह्नित कर नोटिस जारी करेंगी। इसके अलावा कोई व्यक्ति कूड़ा जलाते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ भी नगर पालिका की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
कोट...
प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। रेत खनन, निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग टीम बनाकर की जा रही है। निर्माण सामग्री खुले में डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पराली जलाने पर कार्रवाई के लिए भी टीमें बनाई गई हैं। -जसजीत कौर, डीएम शामली।