कांधला। आयकर विभाग की टीम ने कस्बा कांधला में पेट्रोल पंप पर पहुंचकर नोटबंदी के दौरान जमा की गई धनराशि के संबंध में छानबीन की। पेट्रोल पंप संचालक से अभिलेखों को लेकर गहनता से जांच की गई। कई घंटे चली छानबीन के कारण लोगों में हड़कंप मचा रहा।
बुधवार को आयकर अधिकारी मनमोहन सिंह और अशोक कुमार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम ने कस्बा कांधला में बुढ़ाना रोड स्थित राजीव फिलिंग स्टेशन (पेट्रोल पंप) पर पहुंची। पता चला कि नोटबंदी के दौरान जिन लोगों ने अपने खातों में आमदनी से ज्यादा रकम जमा कराई, उसको लेकर जांच की जा रही है। पूर्व में पेट्रोल पंप संचालक को भी नोटिस दिया गया था। टीम जैसे ही पेट्रोल पंप पर पहुंची, तो वहां मौजूद कर्मियों में हड़कंप मच गया।
आयकर अधिकारी ने नोटबंदी के दौरान जमा की गई धनराशी के बारे में रिकार्ड मांगा। पेट्रोल पंप मालिक ने अपने सभी दस्तावेज प्रस्तुत कर उनका निरीक्षण कराया। इस संबंध में पेट्रोल पंप मालिक मयंक जैन का कहना है कि आयकर विभाग को सभी रिकार्ड से अवगत कराया गया है। वहीं, आयकर विभाग की टीम कई घंटों से पंप के रिकार्ड को खंगालकर जांच में जुटी रही।