शामली। अंतरराष्ट्रीय जल दिवस पर शहर के वीवी इंटर कॉलेज और आरके कॉलेज में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इससे पूर्व एनसीसी कैडेट्स ने शहर में जल संरक्षण के लिए जागरूकता रैली निकालकर जल बचाओ के प्रति लोगों को जागरूक किया। शुभारंभ प्रशासनिक अधिकारी कर्नल अनुपम सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर किया।
शहर के वीवी इंटर कॉलेज, आरके इंटर कॉलेज व सत्यनारायण कॉलेज के कैडेट्स ने जल संरक्षण को लेकर शहर में रैली निकाली। कैडेट्स ने शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए शहर के लोगों को नारों के माध्यम से जल बचाओ के प्रति जागरूक किया। कर्नल अनुपम ने कहा कि जिस स्तर भूजल का दोहन किया जा रहा है, वह दिन दूर नहीं जब संपूर्ण विश्व पीने के पानी के लिए एक बूंद के लिए भी तरसेगा। जल के बिना जीवन संभव नहीं है, लेकिन फिर भी लोग समझने को तैयार नहीं है।
जल संरक्षण करना हर व्यक्ति का दायित्व है जिसका सभी को पालन करना चाहिए। लेफ्टिनेंट रजनीश ने कहा कि आज व्यक्ति जितना पानी उपयोग करता है उससे ज्यादा बर्बाद करता है। लोगों की ऐसी लापरवाही से जल का संतुलन गड़बड़ा गया है। हम सभी को जागरूक होना होगा।
इस दौरान केपी मलिक, दयाकिशन, अमर सिंह, संजीव, मदन कुमार, रणबीर सिंह, पवन कुमार, योगेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं, आरके कॉलेज में गोष्ठी का आयोजन हुआ। जिसमें मुख्य वक्ता कैप्टन लोकेंद्र सिंह ने कहा कि विश्व की लगभग 65 करोड़ आबादी को स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं है। जिस कारण प्रतिवर्ष नौ लाख के लगभग दूषित जल के कारण बीमारी होने से मर रहे हैं।
श्रवण कुमार ने कहा कि समस्या जल की उपलब्धता नहीं है बल्कि स्वच्छ जल उपलब्ध न होना है। इसका उपाय है कि एक बार प्रयोग किया गया जल नदी नालों में ना बहकर ट्रीटमेंट के बाद सिंचाई में प्रयोग किया जाए। जिससे भूगर्भ जल पर सिंचाई का दबाव घटे और यह जल पीने के लिए उपलब्ध रहे। उन्होंने सभी से जल को व्यर्थ न बहाने की अपील की। नवाब सिंह, अजय, अंकित आदि मौजूद रहे।