शामली/ऊन/कैराना। तहसील दिवस में 138 शिकायतों में से 10 शिकायतों का ही निस्तारण किया गया। ऊन तहसील दिवस में डीएम सुजीत कुमार ने फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण किया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें। इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारी को दंडित किया जाएगा। डीएम ने अनुपस्थित नौ अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।
मंगलवार को ऊन तहसील में आयोजित तहसील दिवस में डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री तहसील दिवस में आमजन की समस्याओं के निस्तारण हेतु बेहद गंभीर हैं, जिसकी नियमित रूप से शासन स्तर पर समीक्षा की जा रही है। सभी जिला स्तरीय अधिकारी अपने कार्यालय में सुबह 10 से 12 बजे तक अवश्य बैठ कर फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण करें। उन्होंने तहसील दिवस में अनुपस्थित नौ अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की और एसडीएम को उनसे स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
ऊन तहसील दिवस में डीएम के समक्ष कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से मौके पर 03 का निस्तारण किया गया। राजस्व, पुलिस, बिजली, सिंचाई और समाज कल्याण विभाग की प्रमुख समस्याएं रहीं। इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी एस एन रावत, सहायक निदेशक मत्स्य पालन, जिला सेवायोजन अधिकारी, सहायक अभियंता लघु सिंचाई, बंदोबस्त अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत झिंझाना, गढ़ीपुख्ता, एसपी विजय भूषण, सीडीओ विनोद कुमार सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एसडीएम अवधेश सिंह, तहसीलदार मदनलाल राठौर, सीओ ऊन आदि मौजूद रहे।
उधर, कैराना तहसील दिवस में एडीएम वित्त भरत पांडे ने फरियादियों की समस्याओं को सुनकर निस्तारण किया। कुल 48 समस्याएं प्राप्त हुईं, जिसमें से 04 का निस्तारण किया गया। वहीं, शामली कलक्ट्रेट सभाकक्ष में एसडीएम सदर एमपी सिंह की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित किया गया। जिसमें 34 शिकायतें प्राप्त र्हुइं, तीन का निस्तारण किया गया। सीओ सिटी निशांक शर्मा, तहसीलदार वीरेंद्र मित्तल, नायब तहसीलदार रहे।