जिला अस्पताल में हेपेटाइटिस संक्रमितों की होगी डायलिसिस
शामली। जिला अस्पताल में अब हेपेटाइटिस बी और सी के संक्रमित मरीजों को भी डायलिसिस की सुविधा मिलेगी। डायलिसिस यूनिट को एक और मशीन मिली है। इस मशीन को अलग कक्ष में लगाया गया है। इस मशीन पर सिर्फ हेपेटाइटिस से संक्रमित मरीजों की ही डायलिसिस होगी।
गांव मुंडेट के निकट पूर्वी यमुना नहर के किनारे नवनिर्मित जिला संयुक्त चिकित्सालय में 16 अगस्त से ओपीडी शुरू की गई थी। हालांकि अभी चिकित्सकों की नियुक्ति न होने के कारण जिला अस्पताल पूरी तरह से नहीं चल पा रहा है। 16 नवंबर से जिला अस्पताल में पीपीपी मॉडल के तहत अनुबंध के आधार पर डायलिसिस यूनिट चालू की गई है। दो मशीनें लगाकर यूनिट को चालू किया गया है। यूनिट के चालू होने से गुर्दे के मरीजों को डायलिसिस की नि:शुल्क सुविधा मिल रही है।
कंपनी की तरफ से यूनिट को एक और डायलिसिस यूनिट मिली है। इस मशीन का इस्तेमाल हेपेटाइसिट बी और सी के संक्रमित मरीजों की डायलिसिस करने के लिए किया जाएगा। इसके लिए इस मशीन को अलग कक्ष में लगाया गया है। इस मशीन को जल्द ही चालू कर हेपेटाइटिस के संक्रमितों की डायलिसिस शुरू कर दी जाएगी। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. सफल कुमार ने बताया कि डायलिसिस यूनिट में एक और मशीन आई है। इस मशीन पर अलग कक्ष में हेपेटाइटिस बी व सी के संक्रमितों की डायलिसिस की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब मरीजों को डायलिसिस के लिए दूसरे शहरों में बाहर नहीं जाना पड़ेगा।