संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर के गांधी चौक नाला पटरी स्थित एक सराफ की दुकान से चोरों ने डेढ़ करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए।
चोरों ने दुकान की छत उखाड़कर तिजोरी में रखे जेवरात पर हाथ साफ किया। बुधवार सुबह चोरी का पता चलने पर पुलिस और फॉरेंसिक दल ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। जांच अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि सराफा व्यापारी दीपक वर्मा की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
मोहल्ला गुजरातियान निवासी दीपक कुमार अपने भतीजे हर्ष के साथ नाला पटरी पर गोरखनाथ मंदिर के निकट सराफा की दुकान करते हैं। रोजाना की तरह मंगलवार देर शाम वे दुकान बंद कर घर गए थे। बुधवार सुबह उनके भतीजे हर्ष ने दुकान खोली तो अंदर सामान बिखरा मिला।
दुकान की छत उखड़ी हुई थी और तिजोरी खुली थी, जिसमें रखे जेवर गायब थे। दीपक कुमार ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि तिजोरी में करीब 500 ग्राम सोने के और 45 किलो चांदी के जेवर रखे थे। चोरी गए जेवर की कुल कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है।
वारदात की सूचना पर नगर क्षेत्राधिकारी जितेंद्र यादव, कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक और श्वान दल मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने भी घटनास्थल का दौरा किया। साथ ही पीड़ित से जानकारी ली। आसपास के व्यापारियों ने चोरी की इस वारदात पर रोष व्यक्त किया।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को घटना का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। उधर, सीओ ने बताया कि इस मामले में पीड़ित की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
डॉग स्क्वाॅड ने भी की जांच : आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस डॉग स्क्वाॅड को साथ लेकर पहुंची। यहां डॉग स्क्वाॅड नाला पटरी होते हुए नाले के पुल तक जाकर रुक गया। इसके बाद वापस हो गया। दुकान के पीछे की तरफ भी डॉग स्क्वाॅड को ले जाया गया, लेकिन पुलिस को कोई खास सुराग हाथ नहीं लग सका। हालांकि पुलिस आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है।