शामली के कांधला में एक विवाहिता ने मोहल्ले के ही दो युवकों पर गैंगरेप करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि विवाहिता को तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के बाद आरोपियों ने उससे गैंगरेप किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विवाहिता ने बुधवार को थाने पर तहरीर देकर बताया कि वह मंगलवार शाम को अपने घर पर अकेली थी। इसी बीच मोहल्ले दो युवक उसके घर में घुस आए और बदनियती से उसे दबोच लिया। विरोध करने पर उसको पीटा और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देकर उससे दुष्कर्म किया। पुलिस कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए। बुधवार को पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।
उधर, कस्बे के एक मोहल्ला निवासी महिला ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी कुछ माह पूर्व कैराना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसका उत्पीड़न किया, जिसके चलते वह मायके आकर रहने लगी।
मंगलवार देर रात उसका पति और देवर उसके घर पर पहुंचे। घर के अन्य सदस्य किसी कार्य के लिए कस्बे से बाहर गए थे। आरोप है कि पति और देवर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बुधवार को थाने पहुंचकर पीड़िता ने तहरीर दी।