फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मकान का बैनामा कर रुपये हड़पने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मकान का बैनामा कर रुपये हड़पने का आरोप लगा एक युवक ने न्यायालय के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव मलकपुर निवासी अब्बास ने बताया कि उसने नगर के मोहल्ला शेखजादगान में एक मकान जरीना व उसके पुत्र तैय्यब से 10.20 लाख रुपये में खरीदा था। वह इस मकान में अपने परिवार के साथ रह रहा है। आरोप है कि तैय्यब अपने कई अन्य साथियों के साथ मिलकर उस पर बार-बार मकान खाली करने का दबाव बना रहा है। तैय्यब ने बैनामा करते समय जो आधार कार्ड लगाया था। उसमें उसके पिता का नाम अब्दुल वहीद था।
इन लोगों का कहना है कि तैय्यब पुत्र अब्दुल वहीद का यह मकान नहीं है। यह तैय्यब पुत्र शौकत का है। अब्बास का आरोप है कि तैय्यब ने हेराफेरी कर दो आधार कार्ड बनवा रखे हैं। जिसमें उसने एक आधार कार्ड में अपने पिता का नाम अब्दुल वहीद व दूसरे में शौकत कराया हुआ है। उसके आधार पर अब वह उसके परिवार को घर से बाहर निकालना चाहता है। पीड़ित ने तैय्यब के स्कूल के कागजात, उसके नाम से पंजीकृत बाइक के साथ अन्य दस्तावेज व दोनों आधार कार्ड की छायाप्रति कोर्ट को उपलब्ध कराई। जिस पर न्यायालय ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर तैय्यब सहित पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।