नौकरी लगवाने का झांसा देकर 1.30 लाख रुपये की ठगी
शामली। दरोगा के बेटे की डीएम गाजियाबाद के कार्यालय में चपरासी के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर आरोपी ने 1.30 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस लाइन में तैनात दरोगा ने शहर कोतवाली में लखनऊ निवासी आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस लाइन में तैनात दरोगा विनोद कुमार ने शहर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व लखनऊ में ड्यूटी के दौरान उसकी अशोक कुमार यादव से मुलाकात हुई थी। कुछ दिन पहले अशोक ने फोन पर उसे बताया कि डीएम गाजियाबाद के कार्यालय में चपरासी के कुछ पद रिक्त हैं। वह लखनऊ में किसी राजनैतिक प्रभाव से उसके बेटे को भर्ती करा देगा। इसमें कुछ खर्चा देना होगा। दरोगा के मुताबिक उसने इस संबंध में अपनी बेटी व दामाद से विचार विमर्श किया। उनके दामाद ने भी आरोपी अशोक से बात की तो उसने उन्हें अपनी बातों से संतुष्ट कर दिया। दामाद ने बताया कि अशोक यादव ने एक लाख 30 हजार रुपये की मांग की है।
दरोगा का कहना है कि तीन अगस्त 2021 को दामाद ने उसकी बेटी के खाते से 1.30 लाख रुपये अशोक यादव के बताए बैंक खाते में भेज दिए। चार दिन बाद आरोपी अशोक ने बताया कि चपरासी हेतु रिक्त पद निरस्त हो गए हैं और वह चार दिन बाद रकम वापस करने को कहा, लेकिन उसने रकम वापस नहीं की। पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर आरोपी अशोक कुमार यादव निवासी डीएस-770 सेक्टर जी एलडीए कालोनी कानपुर रोड लखनऊ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।