कांधला सीएचसी में आलू-मटर की सब्जी खाने से हालत बिगड़ने पर उपचार कराने पहुंचे गांव मखमूलपुर के ग?
- फोटो : SHAMLI
शामली, कांधला। क्षेत्र के गांव मखमूलपुर में घर में बना खाना खाने के बाद एक ही परिवार के चार सदस्यों की हालत बिगड़ गई। सभी सीएचएसी में भर्ती कराया गया। जबकि एक को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया।
गांव मखमूलपुर निवासी सतेंद्र पुत्र सुरेश के परिवार में सुबह आलू मटर की सब्जी बनाई गई थी। सत्येंद्र के साथ उसके भाई छोटू, पत्नी छोटी, अंजू पत्नी हरेंद्र ने एक साथ मिलकर खाना खाया था। बताया गया कि खाने के बाद दोपहर के समय परिवार के सभी सदस्यों को उल्टी व दस्त की शिकायत शुरू हो गई। अचानक हालत बिगड़ने के बाद परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। परिवार के लोगों की चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के चार सदस्यों को जमीन पर तड़पता हुआ देखकर ग्रामीणों ने मामले की सूचना 108 पर दी। जिस पर एंबुलेंस गांव में पहुंची और चारों लोगों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला पर भर्ती कराया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉक्टर ने परिवार के सभी सदस्यों का भर्ती कराकर उपचार कराना शुरू कर दिया। जबकि सत्येंद्र को गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर कर दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. रामबीर का कहना है कि क्षेत्र के गांव मखमूलपुर से कुछ ग्रामीण सब्जी खाने के बाद बेहोश हो गए थे। स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराने के बाद डॉ. वीरेंद्र ने सभी का उपचार किया। लेकिन एक युवक की गंभीर हालत के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।