कांधला। कस्बे के नई बस्ती निवासी दिव्यांग से 2 लोगों ने मारपीट कर पांच हजार की नकदी छीन ली। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की है। कस्बे के नई बस्ती कांधला देहात निवासी दिव्यांग सादिक बुधवार दोपहर पांच हजार रुपये कैराना मार्ग स्थित मिनी पंजाब नेशनल शाखा में जमा कराने के लिए घर से निकला था। पीड़ित के अनुसार जब वह बैंक के समीप पहुंचा तो मोहल्ले के दो युवक ने रंजिशन उसके साथ मारपीट की और उससे नकदी छीन ली। लोगों के वहां जमा होने पर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित से घटनाक्रम का जायजा लिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुत्र के ससुराल वालों ने महिला को पीटा
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव सल्फा में महिला को उसके पुत्र के ससुराल वालों ने मारपीट कर घायल कर दिया। परिजनों के साथ थाने पहुंची महिला अजबी ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि उसका अपने बड़े बेटे सुनील के साथ जमीन का विवाद चला आ रहा है। मामले को लेकर परिवार के लोगों ने कई बार इस विवाद को निपटाने का प्रयास किया लेकिन समझौता नहीं हो पाया। रविवार को जब अपने घर पर अकेली थी तो आरोप है कि सुनील के ससुराल पक्ष के लोग उसके घर पर पहुंचे और महिला के साथ मारपीट करते उसे घायल कर दिया। घर के अंदर से महिला के चिल्लाने की आवाज पर मोहल्ले के लोग जमा हो गए। लोगों को वहां देख आरोपी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देते वहां से फरार हो गए। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।