इस्लामपुर घसौली में फायरिंग, एक महिला की मौत
कांधला (शामली)। घर के बाहर शराब पीने से मना करने पर गांव इस्लामपुर घसौली में मारपीट, पथराव और फायरिंग हो गई। गोली लगने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला की हालत गंभीर है।
गांव इस्लामपुर घसौली में सहेंद्र और सतपाल पक्ष में विवाद चल रहा है। आरोप है कि मंगलवार शाम एक पक्ष से दो युवक गली के बाहर शराब पीकर उत्पात करने लगे। मना करने पर दोनों पक्षों में गालीगलौज के बाद लाठी-डंडे चल गए। पथराव और फायरिंग होने लगी। सहेंद्र की भाभी गजना पत्नी चंद्रपाल और ममतेश पत्नी ओमबीर को गोली लग गई। गजना की मौके पर मौत हो गई, जबकि ममतेश को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। कई लोग घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को लाठियां फटकार कर खदेड़ा। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।