शामली रेलवे स्टेशन पर आग बुझाने के लिए बाल्टियों में रखा गया रेत और पानी।
- फोटो : SHAMLI
शामली। मेरठ के दौराला में शनिवार सुबह ट्रेन के दो कोच में भीषण आग लगने की घटना ने यात्रियों को चिंता में डाल दिया है। लेकिन रेलवे के अधिकारी अभी भी बेफिक्र दिखाई देते हैं। दौराला रेलवे स्टेशन पर आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। ऐसे में बड़ा हादसा होने की आशंका भी थी। इस हादसे के बाद शनिवार को जब शामली रेलवे स्टेशन पर व्यवस्थाओं को परखा गया तो यहां भी हालात अलग नहीं थे। रेलवे स्टेशन पर अग्निशमन के इंतजाम के नाम पर मानों खानापूर्ति की गई है। अग्निशमन यंत्र तो स्टेशन पर कहीं दिखाई ही नहीं दिए। ऐसे में यदि यहां कोई आग लगने की घटना होती है तो हालात काफी खराब हो सकते हैं। जिससे यात्रियों की जान पर संकट खड़ा हो सकता है।
दो बाल्टी में पानी और चार में रेत
शामली रेलवे स्टेशन पर जब पड़ताल की गई तो यहां दो बाल्टी पानी और चार बाल्टी में रेत रखा हुआ था। इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर कहीं भी अग्निशमन का कोई इंतजाम नहीं था। जिनसे कोई मामूली आग तो बुझाई जा सकती है, लेकिन यदि आग लगने की कोई बड़ी घटना होती है तो अग्निशमन के ये इंतजाम नाकाफी साबित होंगे। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंचेगी, तब तक बड़ा हादसा हो सकता है।