शामली। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी चार अक्तूबर को किसान खाट सभा में शामली क्षेत्र के किसानों से रूबरू होंगे। शनिवार को आयोजन स्थल देखने और सुरक्षा इंतजाम का जायजा लेने के लिए एसपीजी की टीम शामली पहुंच गई।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी प्रदेशभर में रोड शो और किसान खाट सभा कर रहे हैं। शामली के कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी जिले में खाट सभा कराने के लिए कार्यक्रम मांगा था। पार्टी महासचिव ने उस पर मुहर लगा दी और शामली में किसान खाट महासभा को अनुमति दे दी।
चार अक्तूबर को करनाल मार्ग स्थित आरके डिग्री कॉलेज के मैदान पर किसान खाट सभा का आयोजन होगा। सभा में 300 खाट और 150 मूढे की व्यवस्था की जाएगी। चार को मुजफ्फरनगर में सभा करने के बाद दोपहर साढ़े 12 बजे तक कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी का काफिला शामली में पहुंच जाएगा। इसके बाद किसानों से उनकी समस्याएं जानेंगे।