आबकारी-पुलिस ने होटल में बीयर पीते तीन लोग पकड़े
शामली। आबकारी विभाग और पुलिस की टीम ने कैराना रोड पर स्थित होटल पर छापा मारकर बीयर पी रहे तीन लोगों को पकड़ लिया। आबकारी टीम ने तीनों को जमानत देकर छोड़ दिया।
जिला आबकारी अधिकारी कुंवरपाल ने बताया कि मंगलवार रात सूचना मिली कि कैराना रोड स्थित होटल पर कुछ लोग शराब पी रहे हैं, जबकि होटल में शराब पीने या पिलाने की अनुमति नहीं है। जिला आबकारी अधिकारी व सीओ सिटी प्रदीप कुमार टीम के साथ होटल पर पहुंचे और वहां छानबीन की। आबकारी व पुलिस की टीम को देखकर होटलकर्मियों में हड़कंप मच गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि होटल में तीन लोग बीयर पीते हुए पकड़े गए। तीनों लोगों का चालान करते हुए जमानत पर छोड़ा गया। साथ ही होटल संचालक को भी चेतावनी दी गई है।
खेत में मिली मानव खोपड़ी व हड्डी
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के कस्बा बनत के जंगल में मानव खोपड़ी व हड्डी बिखरी मिली। पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। हड्डी का सैंपल डीएनए जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा जाएगा। पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली थी कि बनत निवासी किसान के गन्ने के खेत में किसी मानव की खोपड़ी व कुछ हड्डियां बिखरी पड़ी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और खोपड़ी व हड्डी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। आदर्श मंडी थाना प्रभारी ने बताया कि डीएनए जांच के लिए हड्डी का सैंपल लिया गया है, जिसे लखनऊ प्रयोगशाला भेजा जाएगा।