शामली। जनपद में बोर्ड परीक्षा को लेकर 36 सेंटर बने हैं। जिनमें तीन राजकीय कॉलेज, 24 सहायता प्राप्त और नौ वित्तविहीन कॉलेजों को सेंटर बनाया गया। है। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सचिव ने पत्र भेजकर अति संवेदनशील केंद्रों पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रखने का निर्देश दिया है। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर 27 फरवरी को डीआईओएस सभी केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक लेकर दिशा निर्देश जारी करेगा।
हाईस्कूल और इंटर की 16 मार्च से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को लेकर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सचिव ने जिला विद्यालय निरीक्षक को आदेश दिए हैं कि जनपद के सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर भारी पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की व्यवस्था करें। किसी भी केंद्र पर कोई अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। यदि कोई अव्यवस्था होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी। कोई भी परीक्षा केंद्र पुलिस बल बिना नहीं रहना चाहिए। वहीं जो अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र है उन पर अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था करें।
इसके साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक और अधिकारी मौके पर जाकर परीक्षा केंद्रों को देखे। परीक्षा नजदीक आ चुकी है एक बार सभी परीक्षा केंद्रों की जांच जरूर कर लें। वहीं, शनिवार को डीआईओएस एमएस सिद्दीकी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर सोमवार को शहर के किसान इंटर कॉलेज में दोपहर 12 बजे सभी केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक ली जाएगी।
बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को फोन कर व ई-मेल कर सूचित कर दिया गया है। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को समय व नियत स्थान पहुंचने का निर्देश दिया है। जिसमें बोर्ड परीक्षा को लेकर दिशा निर्देश दिए जाएंगे।