शामली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। कुल 122408 उत्तर पुस्तिकाओं में 115048 का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। अब 7360 उत्तर पुस्तिकाएं बची है। शुक्रवार को मूल्यांकन कार्य पूरा होने की पूरी संभावना बन गई है।
आरके इंटर कालेज शामली मूल्यांकन केंद्र पर 23 अप्रैल से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य चल रहा है। बोर्ड ने चार मई तक मूल्यांकन कार्य पूरा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन परीक्षकों की कमी की वजह से तय समय में पूरा नहीं हो सका। इसके अलावा मंगलवार को ईद की छुट्टी, 30 अप्रैल को जवाहर नवोदय विद्यालय की परीक्षा होने और बुधवार शाम को आंधी बारिश के कारण मूल्यांकन कार्य बाधित रहा।
मूल्यांकन केंद्र के उप नियंत्रक कैप्टन लोकेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को केंद्र पर इंटर व हाईस्कूल के निर्धारित 494 परीक्षकों में से 293 परीक्षक उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि अधिकतर विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो गया है। इंटर की भौतिक विज्ञान, जीवविज्ञान और हाई स्कूल गृह विज्ञान आदि विषयों की उत्तर पुस्तिकाएं बची है। इंटर एवं हाई स्कूल की कुल प्राप्त 122408 उत्तर पुस्तिकाओं में से 115048 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो गया। अब तक कुल 93.98 प्रतिशत उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्ण हो चुका है। अब 7360 उत्तर पुस्तिकाएं बची है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मूल्यांकन कार्य पूरा होने की पूरी संभावना है।