शामली। विधानसभा चुनाव की ड्यूटी में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों ने तीसरे दिन पोस्टल बैलेट के माध्यम से 726 वोट डाले। पिछले दो दिनों में शामली विधानसभा मतदान कक्ष में रिकार्ड तोड़ वोट डाली गई हैं। पिछले तीन दिनों में कुल 1563 वोट डाले गए हैं। मंगलवार को मतदान ड्यूटी में लगे चालक, क्लीनर, पीआरडी के जवानों की वोट डाली जाएंगी।
सोमवार को वीवी इंटर कॉलेज में विधानसभा चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को मतदान, ईवीएम का प्रशिक्षण दिया गया। डीएम सुजीत कुमार, सीडीओ यशु रुस्तगी समेत चुनाव प्रेक्षकों ने प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। वीवी इंटर कॉलेज में विधानसभा चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों ने तीसरे दिन वोट डाले। कैराना, शामली विधानसभा कक्ष में वोट डालने वालों की जबरदस्त भीड़ रही। थानाभवन विधानसभा कक्ष में तीसरे दिन 91, कैराना विधानसभा कक्ष में 215, शामली विधानसभा कक्ष में पूरे दिन 420 वोट डाले गए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अश्वनी कुमार ने बताया कि मतदान ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के पिछले तीन दिनों में 1563 वोट डाले गए हैं। मतदान ड्यूटी में कुल 3948 कर्मचारी लगे हुए हैं। मंगलवार को वीवी इंटर कॉलेज में सुबह दस बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक मतदान ड्यूटी में लगे चालक-परिचालक, क्लीनर और पीआरडी के जवानों की वोट पोस्टल बैलेट के माध्यम से डाले जाएंगे।