बिजली उपभोक्ताओं को भेजे गए मैसेज। संवाद
शामली। जिलेभर में 30 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शन का लोड निगम ने बढ़ा दिया है। मोबाइल फोन पर अचानक लोड बढ़ाने संबंधी एसएमएस मिलने के बाद उपभोक्ताओं में खलबली मची हुई है। मीमला गांव के कर्णपाल ने बताया कि उन्हें मोबाइल पर संदेश मिला कि स्वीकृत लोड से अधिक बिजली प्रयोग करने के कारण उनका स्वीकृत लोड तीन किलोवाट कर दिया गया है। खंद्रावली के महताब, मीमला के सूरज और सुमन, किवाना के अंकित, शामली के नासिर और सादिक तथा रेलवे रोड के मनोज को भी ऐसे ही संदेश मिले हैं।
उपभोक्ताओं के अनुसार जिनके पास पहले एक किलोवाट का कनेक्शन था, उन्हें दो या तीन किलोवाट का लोड दर्शाने वाले संदेश मिले हैं। वहीं कई ग्रामीण क्षेत्रों में दो किलोवाट के कनेक्शन को चार किलोवाट तक बढ़ाने की सूचना दी गई है। लोगों का कहना है कि यदि लोड बढ़ा दिया गया तो उन्हें अधिक फिक्स चार्ज और अन्य बिजली शुल्क का भुगतान करना पड़ेगा, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ेगा। कई लोग विभाग के हेल्पलाइन नंबरों और स्थानीय कार्यालयों में संपर्क कर रहे हैं, लेकिन उन्हें स्पष्ट और संतोषजनक जवाब नहीं मिल पा रहा है।
उपभोक्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बिना अनुमति बढ़ाए गए लोड को तत्काल पूर्व स्थिति में बहाल करने और भविष्य में ऐसी कार्रवाई से पहले उपभोक्ताओं की सहमति लेने की मांग की है। अधीक्षण अभियंता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बिना स्वीकृति लोड बढ़ाने के मामले की जांच कराई जाएगी। हालांकि, ऐसे संदेश उन्हीं उपभोक्ताओं को भेजे गए हैं, जो पहले से स्वीकृत क्षमता से अधिक बिजली उपयोग कर रहे थे। इसके बावजूद पूरे मामले की पड़ताल कराई जाएगी और उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी।