शामली। इस साल शामली समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आसपास के जिलों को गर्मी के मौसम में बिजली भरपूर मिलेगी। बिजली के संकट से निजात के लिए 164 करोड़ रुपये की लागत से मेरठ-शामली नई ट्रांसमिशन लाइन बनाई जा रही है। एक साल में यह दूसरी नई पावर लाइन बनकर तैयार हो जाएगी। शामली के 400 केवी बिजलीघर को इस लाइन से जोड़ दिया जाएगा।
जिले के 400 केवी के बंतीखेड़ा बिजलीघर चालू करने के लिए अलीगढ़ से मेरठ होकर पहले नई ट्रांसमिशन की लाइन बिछाई गई थी। बंतीखेड़ा 400 केवी बिजलीघर पिछले एक साल से चालू है। मेरठ से शामली बंतीखेड़ा 400 केवी बिजली घर को जोड़ने के लिए दूसरी नई ट्रांसमिशन की लाइन बिछाई जा रही है। 164 करोड़ रुपये की लागत से एक साल में मेरठ-शामली की ट्रांसमिशन की लाइन अगले साल तक बनकर तैयार हो जाएगी।
मेरठ पावर काॅरपोरेशन के मुख्य अभियंता सतेंद्र कुमार ने बताया कि अलीगढ़-मेरठ ट्रांसमिशन की नई लाइन को मेरठ के अहमद पुरी में 765 केवी बिजलीघर को जोड़ दिया गया है। दूसरे फेज में खुर्जा पावर हाउस को शामली के बंतीखेड़ा 400 केवी बिजलीघर को जोड़ने की तैयारी है। अगले 15-20 दिन में खुर्जा पावर हाउस से शामली के बंतीखेड़ी पावर हाउस को जोड़ दिया जाएगा। खुर्जा पावर हाऊस को मिलने वाली 800 मेगावाट के स्थान पर 1320 मेगावाट बिजली आपूर्ति होगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों को भरपूर बिजली आपूर्ति मिलेगी। बिजली का संकट नहीं रहेगा।