शामली कलेक्ट्रेट में आंगनवाडी कार्यकत्रीयो को पौधे देती डीएम जसजीत कोर
- फोटो : SHAMLI
शामली। राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत शनिवार को कलक्ट्रेट में डीएम जसजीत कौर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सहजन के पौधे वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत 5000 सहजन के पौधे लगाने के निर्देश दिए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव ने सहजन के औषधीय गुणों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सहजन के पौधे में 300 बीमारियों को ठीक करने का गुण है, सहजन की पत्ती को छाया में सुखाकर पाउडर बनाकर उसे आटे में गूंथकर, सब्जी में डालकर, दूध में घोलकर पीने से शरीर मे आयरन, कॅल्शियम व प्रोटीन की पूर्ति होती है। इसी प्रकार इसके फली को व बीज की सब्जी के रूप में खाया जाता है। हरे पत्ती को पीसकर पानी के साथ लिया जा सकता है। सहजन की पत्तियां, छाल, गोंद, फली सभी औषधीय गुणों व पोषक तत्वों से भरपूर होते है। उन्होंने कहा कि गर्भवती, धात्री महिला व बच्चों को इसका उपयोग अवश्य करना चाहिए। कुपोषण को दूर करने में सहजन एक उपयोगी पौधा है। कार्यक्रम के दौरान अवसर पर प्रभागीय वन अधिकारी डॉ. विनय कुमार सिंह, सीडीपीओ व आंगनबाड़ी कार्यकत्री उपस्थित रहीं।