शामली के जिला अस्पताल में भर्ती घायल ट्रैफिक पुलिसकर्मी।
- फोटो : SHAMLI
शामली। रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे कैराना की तरफ से तेजी से आ रही कार को शामली में विजय चौक पर पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया। चालक ने कार न रोककर शहर के बीच मुख्य सड़क से भाग निकला। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में गुरुद्वारा तिराहे पर पुलिस ने बैरियर लगाकर कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने बैरियर को टक्कर मारकर भाग निकला। वहां तैनात यातायात पुलिस के एचसीपी अजय कुमार घायल हो गए। पुलिस ने बाबरी क्षेत्र में बुटराड़ा चौराहे पर घेराबंदी कर कार चालक को पकड़ लिया। आरोपी ने अपना नाम अनिल शर्मा निवासी निवासी पट्टी कल्याणा थाना समालखा जिला पानीपत हरियाणा बताया। इसके पास से बीमारी के कागजात मिले। बताया कि वह कार से शांतिकुंज हरिद्वार जा रहा था। कोतवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लॉकडाउन का उल्लंघन करने, दुर्घटना में एचसीपी को घायल करने समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
खुद को कोरोना पॉजिटिव तो मची अफरातफरी
बाबरी। बुटराड़ा चौराहे पर कार को रोकने पर चालक ने खुद को कोरोना पॉजिटिव होना बताया तो पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई। कोतवाल ने बताया कि आरोपी ने शायद डिप्रेशन की वजह से खुद को कोरोना पॉजिटिव बता दिया था। स्वास्थ्य टीम से उसकी जांच कराई गई। जांच में उसमें कोरोना संबंधी कोई लक्षण नहीं पाए गए। उधर, एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।