शामली/कैराना। दो दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश ने शहर की हालत खराब कर दी है। प्रमुख बाजारों के साथ ही सड़कों पर जलभराव के कारण चलना मुश्किल हो गया। माजरा रोड पर कई फीट पानी भरा होने के कारण वाहनों का आवागमन भी बाधित रहा। नगर पालिका की ओर से कराया जा रहा नाला निर्माण कार्य भी बारिश से बाधित हो गया है।
बारिश के कारण शहर के कबाड़ी बाजार, बड़ा बाजार, मिल रोड, बैंड मार्केट गोशाला रोड, माजरा रोड, नेहरू मार्केट समेत शहर के कई मोहल्लों एवं बाजारों में जलभराव के कारण निकलना मुश्किल रहा। मंडी समिति में स्थित इफ्को खाद गोदाम परिसर भी बारिश में तालाब बन गया। दिनभर शहर की सड़कों से आवागमन प्रभावित रहा। माजरा रोड पर कई जगह जलभराव के कारण वाहनों का आवागमन बाधित रहा। झिंझाना रोड और फव्वारा चौक से रोडवेज बस स्टैंड रोड पर नाला निर्माण के लिए खोदाई की गई थी, लेकिन बारिश के कारण काम प्रभावित हो गया है।
दुकानों के आगे गड्ढे खुदे होने के कारण दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, कैराना के मोहल्ला खैलकला, घोसा चुंगी, बिसातियान, चौक बाजार व मोहल्ला आलकला में जलभराव हो गया। जगह-जगह जलभराव होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, झिंझाना में बुधवार को मूसलाधार बारिश ने राहत के साथ परेशानी खड़ी कर दी। बाजार की गलियों और मोहल्लों में जलभराव हो गया।
जलभराव से कस्बेवासियों में आक्रोश
कांधला। बारिश से कस्बे में जलभराव की समस्या होने से लोगों में आक्रोश है। कस्बेवासी अख्तर, उम्मेद, दिनेश, सोनू, उमरदीन, राजपाल, राहुल आदि का कहना है कि कस्बे में बरसात से पहले नालों की सफाई होनी चाहिए जिससे पानी की निकासी हो पाए और जलभराव की समस्या उत्पन्न ना हो। उन्होंने बताया कि कस्बे में बारिश के पानी की निकासी के लिए कस्बे के चारों ओर तालाब थे लेकिन कुछ लोगों ने इन पर कब्जा कर लिया है। पानी की निकासी ना होने से बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। नाले गंदगी से अटे पड़े हैं जिससे बरसात का पानी सड़कों के साथ ही व्यापारियों के प्रतिष्ठानों तक भी चला जाता है। कस्बेवासी कहते हैं कि इस समस्या के समाधान के लिए बार-बार लिखित व मौखिक शिकायत की जा चुकी है लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया है।
--------------
अंडरपास हुए जलमग्न, आवागमन बाधित
शामली/जलालाबाद/थानाभवन। बरसात होते ही अंडरपास जलमग्न हो गए हैं, जिससे कई गांवों का संपर्क कस्बे से टूट गया।
शहर किरोड़ी मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कॉलेज रोड, बुढ़ाना रोड, बलवा रोड, गोहरनी और सिलावर के अंडरपास में बारिश का पानी भर गया। इससे वाहनों का आवागमन बाधित रहा। जलालाबाद में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे इंदिरा गेट से पीठ मैदान तक बारिश से जलमग्न हो गया। हाईवे किनारे दुकानों, नगर पंचायत कार्यालय, पुलिस चौकी में आने-जाने वाले परेशान रहे। हाईवे किनारे पर स्थित बैंक में आने-जाने वाले ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। गांव अंबेहटा याकूबपुर जाने के लिए दोनों संपर्क मार्गों पर रेलवे अंडरपास हैं। इनमें पानी भर जाने से गांव में ग्रामीणों का आवागमन बंद हो गया है। ग्रामीणों को गांव अहमदपुर, अन्य मार्ग से लंबी दूरी तय करने के बाद आना- जाना पड़ रहा है। रेलवे अंडरपास में जल भरने से गांव का संपर्क टूट गया है। उधर, थानाभवन क्षेत्र में रेलवे के चार अंडरपास शाहविलायत, हसनपुर रोड, रसीदगढ़ रोड व ऊन मार्ग हैं। शाहवतिलायत व रसीदगढ़ मार्ग के अंडरपास पर टीन शेड लगाए गए हैं। इससे बारिश का पानी अंदर नहीं आता और काफी हद तक जलभराव की समस्या का समाधान हो जाता है। इनके अलावा लाजपत राय कन्या इंटर कॉलेज के पास थानाभवन-यारपुर मार्ग व ऊन रोड पर पड़ने वाले रेलवे अंडरपास में बरसात होते ही पानी भर गया है। इससे कई गांवों का संपर्क कस्बे से टूट गया। झिंझाना निवासी रामपाल सैनी अपने परिवार के साथ वापस लौट रहे थे। पानी भरा होने के कारण उनकी वैन अंडरपास में फंस गई। बाद ट्रैक्टर की मदद से वैन को निकाला गया। कुछ लोग अंडरपास के बराबर से बने एक छोटे माइनर के पुल के अंदर से निकल कर अपने गंतव्य तक जा रहे हैं। आदेश सैनी, विनोद कुमार, राकेश सिंह आदि का कहना है कि अंडरपास में पानी भरने से उन्हें आने जाने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।