गांव सुन्ना से झाल तक दोबारा होगा नाली निर्माण
शामली, कांधला। क्षेत्र के गांव सुन्ना से झाल तक प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनाई जा रही नाली में घटिया सामग्री लगाए जाने की शिकायत ग्रामीणों ने सीएम पोर्टल पर की थी। जिसके चलते पीडब्ल्यूडी के जेई ने मौके पर जाकर मामले की जांच की। ग्रामीणों की शिकायत सही पाए जाने पर ठेकेदार को हिदायत देकर गुणवत्तापूर्ण कार्य करने का आदेश दिया।
गांव सुनना से लेकर झाल तक 16 किलोमीटर लंबी सड़क का प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत निर्माण कराया जा रहा है। गांव किवाना में सड़क निर्माण के दौरान पानी निकासी के लिए नाली निर्माण भी कराया गया। आरोप है कि निर्माण के दौरान ठेकेदार ने घटिया सामग्री का प्रयोग किया। जिसकी ग्रामीणों ने सीएम पोर्टल पर शिकायत की थी। मंगलवार को पीडब्ल्यूडी की टीम मौके पर निर्माण की जांच करने के लिए पहुंची। जेई अजय कुमार ने मौके पर पहुंचकर नाली निर्माण की जांच की तो उसमें भारी अनियमितता पाई गई।
ग्रामीणों की शिकायत सही पाए जाने पर जेई ने ठेकेदार को मौके पर बुलाकर नाली निर्माण को उखाड़ कर दोबारा मानक के अनुरूप निर्माण कराने के आदेश दिए हैं। ग्रामीणों ने विभाग के कार्रवाई पर संतुष्टि व्यक्त की। जेई अजय कुमार ने जानकारी देते बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर जांच करने के लिए पहुंचे थे। ग्रामीणों की शिकायत सही पाई गई जिसके चलते ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य करने की हिदायत दी गई।