कांधला। साथियों संग पूर्वी यमुना नहर में नहा रहा दस वर्षीय बालक डूब गया। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और गोताखोरों ने उसको तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। प्रशासनिक अधिकारियों के देरी से आने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। जिला बागपत के गांव किशनपुर बिराल निवासी गुड्डू उर्फ गोली 10 वर्ष पु़त्र जसबीर कांधला क्षेत्र के गांव नाला निवासी अपने मामा नीरज के यहां पर रविवार को आया था।
सोमवार दोपहर बालक गोली अपने साथियों के साथ नहर में नहाने के लिए गया था। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण बालक का पैर एक गड्ढे में जाने से वह डूब गया। इस पर उसके साथियों ने शोर मचा दिया। सूचना के बाद परिजनों के साथ ही कुछ देर में गांव के सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। बालक को तलाशने के लिए तैराकी जानने वाले ग्रामीण नहर में कूद गए। गांव के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों के ना पहुंचने से ग्रामीणों में रोष फैल गया। ग्रामीणों ने इस बात को लेकर हंगामा कर दिया।
गांव में हंगामे की सूचना पर शामली तहसीलदार सुरेंद्र सिंह गोताखोरों को लेकर अपने साथ गांव में पहुंचे। नहर का पानी बंद किए जाने के बाद ककड़ीपुर में एक जाल को लगाया गया। गोताखोरों ने भी ग्रामीणों के साथ मिलकर बालक को तलाश किया, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं लग पाया। हंगामा कर रहे ग्रामीणों को तहसीलदार ने शांत कर आश्वासन दिया कि वे लोग परिवार के साथ हैं। बच्चे को जल्द ही तलाश कर लिया जायेगा।