विकास कार्य नहीं होने पर सभासदों ने जताई नाराजगी
थानाभवन।
नगर पंचायत थानाभवन सभागार में सोमवार को बोर्ड बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें कुछ सभासदों ने विकास कार्य न होने पर नाराजगी जताई।
सोमवार सुबह नगर पंचायत अध्यक्ष रफत परवीन की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सभासद शमशाद ने कहा कि सराय क्षेत्र में पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। लोगों को काफी दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। यदि क्षेत्र में नलकूप का निर्माण कर दिया जाए तो लोगों को पेयजल किल्लत से निजात मिलेगी। इस पर बजट आवंटन को लेकर बैठक में सभासदों के बीच गहमागहमी का माहौल बन गया। सभासद परवीन ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में नगर पंचायत की ओर से किए जाने वाले कार्यों की उन्हें सूचना तक नहीं दी जाती है। इस पर अधिशासी अधिकारी रवि यादव ने सभासदों को समझाबुझाकर शांत किया। इसके बाद बैठक में तय किया गया कि नगर पंचायत की ओर से कस्बे के लिए 500 एलईडी लाइटें लगवाई जाएंगी। इनमें से सभासदों द्वारा बताए गए स्थान पर 25 और अध्यक्ष द्वारा बताए स्थानों पर 50 लाइटें लगवाई जाएंगी। यह भी तय किया गया कि पूर्व में पास हुए प्रस्ताव में जिनके टेंडर जारी हो गए हैं, सिर्फ उन्हें ही आगे बढ़ाया जाएगा, जिनके टेंडर जारी नहीं हुए हैं, उन्हें निरस्त किया जाएगा। उपलब्ध बजट को क्षेत्र के सभी वार्डों में बराबर बांटकर विकास कार्य कराए जाएंगे। इस दौरान सभासद नीरज गोयल, बोबी अरोडा सहित अन्य सभासद भी मौजूद रहे।