शामली। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आयोग्य अभियान के अंतर्गत बनाए गए आयुष्मान कार्डों की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि जनपद में आयुष्मान भारत योजना के तहत कुल 79517 परिवारों के 296451 सदस्य आच्छादित है, जिनके सापेक्ष 39911 परिवार के 111096 सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कार्ड बनाए जाने में जनपद का राज्य में द्वितीय स्थान है।
सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि जनपद के समस्त लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाए जाने के लिउ प्रयास जारी है। 4 मई से लेकर 18 मई तक आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। बैठक डीएम ने कहा प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान एवं अंत्योदय योजना के ऐसे समस्त लाभार्थियों जिनके द्वारा अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया गया है, जनपद में संचालित अभियान में नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ केंद्र अथवा जनसेवा केंद्र पर आयुष्मान कार्ड बनवा लें। उन्होंने सीडीओ, ग्राम प्रधानों के माध्यम से, जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम सचिवों के माध्यम से, जिला प्रोबेशन अधिकारी से आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से, जिला पूर्ति अधिकारी से राशन कोटेदारों के माध्यम से ऐसे समस्त लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीएमओ डॉक्टर संजय अग्रवाल, सीडीओ शंभू नाथ तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सीएससी एसपीवी मैनेजर्स एवं आयुष्मान भारत योजना टीम मौजूद रही।