मेधावियों को किया भाउराव देवरस छात्रवृत्ति का वितरण
शामली। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल में सरस्वती शिशु प्रतिभा खोज परीक्षा में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का वितरण किया गया। इस अवसर पर विजय दशमी के पर्व पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रधानाचार्य संजय सैनी ने बताया कि इस मेधावी छात्र योग्यता परीक्षा में प्रथम से तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शिशु समिति पउप्र नेहरू नगर गाजियाबाद और दूसरी छात्रवृत्ति भारतीय शिक्षा समिति केंद्रीय कार्यालय लखनऊ द्वारा भाउराव देवरस छात्रवृत्ति के नाम से छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। प्रथम स्थान से तृतीय स्थान तक तीन वर्ष के लिए और चतुर्थ स्थान से 20वें स्थान तक केवल एक वर्ष के लिए छात्रवृत्ति दी जाती है। मंगलवार को स्कूूल में भाऊराव देवराज छात्रवृत्ति का वितरण किया गया, जिसमें सत्र 2018-19 तथा 2019-20 सत्र में प्रथम स्थान प्राप्त मोहम्मद उस्मान, निक्की मलिक, नकुल गोयल, आकाश गुप्ता, स्मृति राजपूत, सुमुखी को प्रबंधक गुलशन राय, उप प्रबंधक रामरतन लाल संगल व प्रधानाचार्य संजय कुमार सैनी द्वारा छात्रवृत्ति प्रदान की।
शिशु वाटिका की छात्राएं नौ देवी के रूप में सज्जा प्रतियोगिता का रूप धारण कर विद्यालय पहुंची। इसमें कक्षा प्रथम की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागी छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। शिशु वाटिका प्रमुख रामा शर्मा, संगीता शर्मा, सारिका शर्मा, रिचा संगल, रितु रोहिल्ला आदि मौजूद रहे। विजयदशमी के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने गीत और भाषण प्रस्तुत किए। संचालन आचार्य राजीव शर्मा ने किया।
उधर, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में दुर्गाष्टमी, रामनवमी एवं विजयादशमी के उपलक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया गया। आर्यन शर्मा और सौरभ कुमार ने श्रीराम का शौर्य विषय पर काव्यपाठ किया। आचार्य प्रदीप कुमार ने विजयदशमी के बारे में जानकारी दी। प्रधानाचार्य आनंद प्रसाद शर्मा ने त्योहारों के आयोजन की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए अस्पृश्यता समस्या के समूल नाश और मानवीय प्रेम की प्रेरणा दी। उप प्रधानाचार्य मलूक चन्द, अरविंद कुमार, वसीम खान, श्रीभगवान, मुदित गर्ग, मोहित कुमार, बिजेंद्र कुमार, सुभाषचंद, नीटू कश्यप, मोहर सिंह, सुनील कुमार, योगेंद्र कुमार, विकास शर्मा, पवन कुमार, अंकुर कुमार आदि मौजूद रहे। संचालन प्रीतम सिंह प्रीतम ने किया।