शामली। जिला अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस की सुविधा शुरू हो जाएगी। अस्पताल में डायलिसिस वार्ड तैयार कर उसमें दो मशीनें लगा दी गई हैं। पीपीपी मॉडल के तहत दस मशीनें लगाई जानी है, जिनमें पहले चरण में तीन मशीनें लगाई जानी है। यह सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को बाहर दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।
जिले में अभी तक डायलिसिस की सुविधा न होने के कारण मरीजों के बाहर दूसरे शहरों में महंगा शुल्क देना पड़ रहा है। इसके साथ ही मरीजों को बाहर आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब जिला अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा जल्द शुरू होने वाली है। पीपीपी मॉडल के तहत जिला अस्पताल में दस मशीनें लगाई जानी है। इसके लिए अलग से डायलिसिस वार्ड तैयार कर लिया गया है। पहले चरण में डायलिसिस की तीन मशीनें लगाई जानी हैं, जिनमें अभी तक दो मशीनें स्वास्थ्य विभाग को मिली है। दोनों मशीनों को डायलिसिस वार्ड में लगाकर तैयार कर दिया गया है। अब सिर्फ डायलिसिस वार्ड के उद्घाटन का इंतजार है। माना जा रहा है कि इसी सप्ताह या फिर अगले सप्ताह उद्घाटन के बाद मरीजों को डायलिसिस की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सफल कुमार का कहना है कि अस्पताल में प्रथम तल पर डायलिसिस वार्ड तैयार हो गया है। उसमें पीपीपी मॉडल के तहत 10 मशीनें लगाई जाएंगी। फिलहाल डायलिसिस की दो मशीनें लग चुकी है। पहले चरण में तीन मशीनें लगाई जाएगी। जल्द ही मरीजों को डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध मिलनी शुरू हो जाएगी।